गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी का राजधानी लखनऊ में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने काला झंडा दिखाकर और काले गुब्बारे उड़ाकर विरोध किया। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के पदाधिकारियों ने उनका विरोध किया और गो बैक कहकर नारेबाजी की। पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। उल्लेखनीय है कि गुजरात में उत्तर प्रदेश के लोगों पर अत्याचार हो रहा है। उसी का विरोध करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे थे।
एएसपी पूर्वी सर्वेश कुमार मिश्र के मुताबिक पकड़े गए लोगों में प्रदेश प्रवक्ता उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विशाल राजपूत, प्रभारी युवा कांग्रेस श्रोत गुप्ता, प्रदेश महासचिव अभिषेक सिंह पटेल, प्रदेश सचिव पंकज तिवारी, मेंहदी हसन, शैलेंद्र कुमार दीक्षित, गौरव त्रिपाठी, आसिफ रिजवी, सूर्य प्रकाश सिंह, इरफान हसन, विवेक आम और अनुशेष शर्मा के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है। बाद में सभी को छोड़ दिया गया।
गुजरात के सीएम का लखनऊ में स्वागत
गुजरात के मुख्यमंत्री रविवार शाम को दो दिवसीय प्रवास पर लखनऊ पहुंचे। यहां अपने सरकारी आवास पर मुख्यमंत्री योगी ने उनका स्वागत किया। योगी ने रूपाणी को भगवान श्रीराम की प्रतिमा और कुंभ का लोगो भेंट किया। इस मौके पर विधानसभा के अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित, उप मुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा के अलावा अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे। दोनों मुख्यमंत्रियों में गुजरात में हाल में हुए उत्तर भारतीयों पर हमले, 31 अक्टूबर को देश के पहले उपप्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री की मूर्ति स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के अनावरण कार्यक्रम और उसके पास बनने वाले एक भारत श्रेष्ठ भारत कांप्लेक्स के पास उप्र भवन के लिए जमीन आवंटित करने के बारे में बात हुई। सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के बाद दोनों मुख्यमंत्री पत्रकारवार्ता भी करेंगे।
लोहिया पथ पर उड़ाए काले गुब्बारे
सोमवार सुबह लोहिया पथ पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने काले रंग के गुब्बारे उड़ाकर विरोध जताया। इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस के कार्यकताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पकड़ा। इससे मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।