(Pi Bureau)
भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव, रायबरेली सदर विधायक अदिति सिंह, कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और महापौर संयुक्ता भाटिया के साथ लालबाग में भाजपा के लिए वोट मांगा। यूपी विधान सभा चुनाव में प्रचार के लिए भारतीय जनता पार्टी की महिला बिग्रेड भी रविवार को मैदान में उतर गई है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।
कुछ दिनों पूर्व ही भाजपा में शामिल हुईं मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव बिष्ट ने कहा कि इस डोर टू डोर अभियान के तहत मैं लोगों से भाजपा को वोट करने की अपील करतीं हूं। उन्होंने कहा, बीजेपी सरकार में मां-बहन, बहू-बेटियां सभी सुरक्षित महसूस करते हैं। मैं लोगों से अपील करना चाहती हूं विधान सभा चुनाव में प्रचार के लिए बनिए। 2022 में केसरिया लहरिए।
योगी सरकार में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। महिलाओं के खाते में सीधे पैसा पहुंचाया गया, पेंशन दी गई और श्रम कार्ड योजना में भी पैसे सीधे उनके खाते में जा रहे हैं। इस सरकार ने महिलाओं को एक अलग सम्मान दिया है। एक महिला होने के नाते मैं खुद पीएम मोदी और सीएम योगी का धन्यवाद करना चाहती हूं।