नेताजी के जरिए PM मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- आजादी के बाद कई महान व्यक्तियों के योगदान को मिटाने की कोशिश की गई !!!

(Pi Bureau)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेताजी सुभाष चंद बोस की इंडिया गेट पर होलोग्राम प्रतिमा के अनावरण करते हुए इशारों-इशारों में कांग्रेस की पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि दुर्भाग्य से, आजादी के बाद देश की संस्कृति के अलावा कई महान व्यक्तियों के योगदान को मिटाने की कोशिश की गई। पीएम ने आगे कहा कि दशकों में की गई गलतियों को देश अब सुधार रहा है।

प्रतिमा को लेकर कहा यह लोकतांत्रिक संस्थानों, वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों को उनके कर्तव्यों की याद दिलाएगी तथा उन्हें प्रेरित करेगी। पीएम ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में लाखों लोगों के बलिदान शामिल थे, लेकिन उनके इतिहास को सीमित करने का प्रयास किया गया। लेकिन, आज, आजादी के दशकों बाद, देश उन गलतियों को सुधार रहा है।

ग्रेनाइट से निर्मित एक प्रतिमा तैयार होने पर वह होलोग्राम प्रतिमा की जगह लेगी। प्रधानमंत्री ने अलंकरण समारोह में वर्ष 2019, 2020, 2021 और 2022 के लिए ‘सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार’ भी प्रदान किए। समारोह के दौरान कुल सात पुरस्कार प्रदान किए गए। केंद्र सरकार ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भारत में लोगों और संगठनों के अमूल्य योगदान और निस्वार्थ सेवा को पहचान देने और सम्मानित करने के लिए वार्षिक पुरस्कार की शुरुआत की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि यह प्रतिमा स्वतंत्रता संग्राम में बोस के अतुलनीय योगदान के लिए एक उपयुक्त श्रद्धांजलि होगी और यह देश के उनके प्रति ऋणी होने का प्रतीक होगी। उन्होंने कहा कि हमें नेताजी की कर सकते हैं, करेंगे की भावना से प्रेरणा लेनी होगी और आगे बढ़ना होगा।

About somali