(Pi Bureau)
आज बॉलीवुड की बेहद खूबसूरत अभिनेत्री ऐश्वर्या राय (Aishwarya Rai) का जन्मदिन है। 1 नवंबर 1973 को मैंगलूर, कर्नाटक में इनका जन्म हुआ था। आज ये अपना 49वां जन्मदिन मना रही है। 49 साल की हो चुकी ऐश्वर्या राय खूबसूरती के मामले में आज भी यंगस्टर हीरोइनों को कड़ी टक्कर लेती है। मिस वर्ल्ड का ताज अपने सर पर सजा चुकी अभिनेत्री ऐश्वर्या राय का जन्म एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था।
ऐश्वर्या राय ने बतौर मॉडल अपने करियर की शुरुआत की थी। ऐश्वर्या राय आमिर खान के साथ किए गए पेप्सी के विज्ञापन के बाद पापुलर हो गई थी। 9 नवंबर 1994 को साउथ अफ्रीक में ऐश्वर्या राय ने मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया था। वह मिस वर्ल्ड का ताज जीतने वाली दूसरी भारतीय थी। रीता फारिया पहली थी जिन्होंने 1966 में यह खिताब जीता था। ऐश्वर्या राय ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1997 में तमिल फिल्म इरूवर से की थी जिसे मणिरत्नम ने निर्देशित किया था। 1997 में रिलीज हुई फिल्म और प्यार हो गया ऐश्वर्या राय की पहली बॉलीवुड फिल्म थी। इस फिल्म उनके साथ बॉबी देओल थे। 1999 में रिलीज हुई फिल्म हम दिल दे चुके सनम के लिए उन्हें फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया था। ऐश्वर्या राय बच्चन की प्रमुख फिल्मों में जीन्स, आ अब लौट चलें, ताल, जोश, हमारा दिल आपके पास है, मोहब्बतें, देवदास, दिल का रिश्ता, कुछ न कहो, खाकी, रेनकोट, चोखेर बाली, उमराव जान, धूम 2, गुरु, प्रोवोक्ड, द लास्ट लीजन, ब्राइड एंड प्रिज्युडिस, जोधा अकबर, सरकार राज, द पिंक पैंथर 2, रावन, रोबोट, गुजारिश, जज्बा, सरबजीत, ऐ दिल है मुश्किल और फन्ने खान आदि हैं। ऐश्वर्या राय ने हिन्दी के अलावा तेलुगु, तमिल, बंगाली और अंग्रेजी फिल्मों में भी काम किया है।
ऐश्वर्या राय बच्चन की गिनती उन अभिनेत्रियों में होती है जो सिर्फ बॉलीवुड में ही नहीं बल्कि हॉलीवुड में भी अपना जलवा दिखा चुकी हैं। ऐश्वर्या राय की शादी 20 अप्रैल, 2007 को अभिनेता अभिषेक बच्चन से हुई थी। 16 नवंबर, 2011 को उनकी बेटी आराध्या बच्चन का जन्म हुआ। ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन की जोड़ी बॉलीवुड की बेस्ट जोड़ियों में से एक हैं। ऐश्वर्या अपने परिवार को तरजीह देती हैं। विल स्मिथ की एक फिल्म छोड़ने को लेकर उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि परिवार उनकी पहली प्राथमिकता है।
ऐश्वर्या और अभिषेक की ऑनस्क्रीन जोड़ी ने कई फिल्मों में धमाल मचाया था। अभिषेक और ऐश्वर्या ने एक साथ पहली बार साल 2000 में फिल्म ढाई अक्षर प्रेम के में काम किया था और उस वक्त उनकी अच्छी दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों ने कुछ ना कहो, बंटी और बबली, उमराव जान, धूम-2 और गुरु में साथ किया था। फिल्म गुरु के सेट पर अभिषेक ने ऐश्वर्या को प्रपोज किया था। शादी के बाद दोनों की फिल्म सरकार राज और रावन रिलीज हुई थी। बेटी के जन्म और उनकी परवरिश के लिए ऐश्वर्या ने पांच साल का ब्रेक लिया था। फिल्म जज्बा (2015) से इंडस्ट्री में कमबैक किया था। उसके बाद वह सरबजीत और ऐ दिल है मुश्किल, फन्ने खां में नजर आई थी। ऐश को कई पुरस्कारों से भी नवाजा जा चुका है। उन्हें 2 बार फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिल चुका है। भारत सरकार की ओर से उन्हें 2009 में पद्मश्री और 2012 में फ्रांस सरकार की ओर से औरड्रे डेस आर्टस एट डेस लेट्रेस से सम्मानित किया जा चुका है। ऐश्वर्या राय पिछले 18 साल से कान्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के रेड कारपेट पर अपना जलवा बिखेर रही है। कई बार वह बेटी आराध्या के साथ भी इस इवेंट में नजर आ चकी है। दुनिया भर में उनकी एक्टिंग और खूबसूरती के लाखों फैंस हैं। ऐश्वर्या राय बच्चन सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और वह अक्सर अपनी बेटी के साथ तस्वीर शेयर करती रहती हैं।