दिल्ली-बिहार समेत इन राज्यों में भाजपा ने बदले प्रदेशाध्यक्ष, दिल्ली में वीरेंद्र सचदेवा को मिली जिम्मेदारी !!!

(Pi Bureau)

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को कई राज्यों के नए प्रदेशाध्यक्षों की नियुक्ति का एलान किया। चुनावी राज्य राजस्थान में पार्टी ने लोकसभा सांसद सीपी जोशी को प्रदेशाध्यक्ष बनाया है। वहीं, दिल्ली में वीरेंद्र सचदेवा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष होंगे। बिहार में यह जिम्मेदारी सम्राट चौधरी को सौंपी गई है।

बिहार के नए भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी
बिहार भाजपा के नए बॉस अब सम्राट चौधरी हैं। आलाकमान ने उन्हें बिहार BJP का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। सम्राट चौधरी अभी विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल के बाद अब पार्टी की कमान सम्राट चौधरी के हाथों में सौंपी गई है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के द्वारा जारी पत्र में यह स्पष्ट कर दिया गया है कि बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सम्राट चौधरी को सौंपी गई है। बता दें कि संजय जायसवाल अभी तक इस पद को संभाल रहे थे और उनका कार्यकाल पिछले साल ही समाप्त हो गया था। पार्टी के सदस्यों को भी इसका इंतजार था कि अब नए प्रदेश अध्यक्ष को कब आलाकमान चुनती है।

बता दें कि बिहार में सियासी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। सूबे में भाजपा अब विपक्ष में बैठी है। वहीं कल तक साथ रही जदयू अब राजद के साथ है और भाजपा व महागठबंधन में सीधी टक्कर है। आगामी चुनाव को लेकर सम्राट चौधरी का चयन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कौन हैं सम्राट चौधरी
सम्राट चौधरी कुशवाहा बिरादरी से हैं और दिग्गज नेता रहे शकुनी चौधरी के पुत्र हैं। वो पार्टी में उपाध्यक्ष की भूमिका में भी रह चुके हैंछ। करीब तीन दशक से सियासी अनुभव के साथ सम्राट चौधरी ने राजद से सियासी पारी की शुरूआत की थी। कई बड़े विभागों में वो मंत्री भी रहे हैं। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा बिहार की 40 में 40 सीटें जीतेगी और 2025 में बिहार में पहली बार भाजपा की सरकार बनेगी।

About somali