Pi Health:: सावधान, अगर आप गुड़ का अधिक मात्रा में करते हैं सेवन, तो हो सकता हैं फायदे की जगह नुकसान !!!

(Pi Bureau)

गुड़ को चीनी का स्वस्थ विकल्प माना जाता है। वैसे तो दोनों में लगभग समान मात्रा में ही कैलोरी होती है, लेकिन गुड़ में कई तरह के विटामिन और खनिज मौजूद होते हैं, जो शरीर के लिए बहुत ही जरूरी होते हैं। इसके सेवन से सेहत को कई तरह के फायदे मिलते हैं। यही वजह है कि बहुत से लोग गुड़ का सेवन करते हैं। सुबह-सुबह चने के साथ गुड़ के सेवन को बहुत लाभदायक माना जाता है। इससे पाचन में सुधार होता है। कई लोग भोजन के बाद थोड़ा सा गुड़ खाना पसंद करते हैं। इसमें आयरन भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जिससे एनीमिया की समस्या को दूर करने में मदद मिलती है। इसके अलावा आयुर्वेद के मुताबिक, आंखों की रोशनी बढ़ती है और शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में भी मदद मिलती है। लेकिन अगर आप अधिक मात्रा में इसका सेवन करते हैं, तो यह फायदे की जगह नुकसान भी पहुंचा सकता है।

गुड़ की तासीर गर्म होती है, इसलिए अधिकतर सर्दियों के मौसम में इसका सेवन करने की सलाह दी जाती है। गर्मी के मौसम में भी आप गुड़ खा सकते हैं, लेकिन सीमित मात्रा में, क्योंकि इस मौसम में गुड़ के अधिक सेवन से नाक से खून निकलने की समस्या हो सकती है। 

डायबिटीज में गुड़ का अधिक सेवन अच्छा नहीं 

डायबिटीज के मरीजों को मीठे से परहेज करने की सलाह दी जाती है। चूंकि गुड़ भी मीठा होता है, ऐसे में शुगर के मरीजों का गुड़ का अधिक मात्रा में सेवन करने से शुगर लेवल बढ़ सकता है और यह खतरनाक स्थिति में भी पहुंच सकता है। इसलिए सोच समझ कर ही इसका सेवन करना चाहिए। 

बढ़ सकता है वजन 

आज के समय में अधिकतर लोग वजन बढ़ने की समस्या से जूझ रहे हैं। इसकी प्रमुख वजह खानपान ही है। अगर आप सोचते हैं कि गुड़ के सेवन से वजन बढ़ने की समस्या नहीं होगी, तो आप गलत हैं। विशेषज्ञ कहते हैं कि गुड़ का अधिक मात्रा में सेवन करने या ज्यादा समय तक लगातार इसके सेवन से आपका वजन बढ़ सकता है। 

बढ़ सकती है शरीर में सूजन

अगर आप पहले से ही सूजन की समस्या से जूझ रहे हैं तो गुड़ का सेवन बिल्कुल न करें, क्योंकि यह आपके शरीर में सूजन की समस्या को बढ़ा सकता है। इसके अलावा विशेषज्ञ अल्सरेटिव कोलाइटिस की समस्या में भी गुड़ का सेवन नहीं करने की सलाह देते हैं। 

About somali