अखिलेश यादव के इस बयान पर भूपेंद्र सिंह का तीखा प्रहार, बोले – सपा अपनी चिंता करें क्योंकि…

(Pi Bureau)

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) और भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) के बीच जुबानी जंग जारी है। इसी क्रम में भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी (Bhupendra Singh Chaudhary) ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख को अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए। क्योंकि उनके विधायक हमारे संपर्क में हैं।

दरअसल, एक निजी चैनल के कार्यक्रम के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आफर देने के अंदाज में यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के लिए कहा था कि 100 विधायक ले आएं, समाजवादी पार्टी उन्हें मुख्यमंत्री बना देगी। इस बयान पर अब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने अखिलेश यादव पर जवाबी हमला बोला है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने ट्वीट कर कहा कि केशव प्रसाद मौर्य संगठन के, पार्टी के प्रमाणित एवं भाजपा की विचारधारा के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं। वह सदैव हमारे साथ रहेंगे, किसी स्वार्थ में पड़ने वाले नेता नहीं हैं। वह अखिलेश यादव को चलाएंगे, अखिलेश यादव उन्हें क्या चला पाएंगे? उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव तो अपने गठबंधन की, अपने परिवार की, अपनी पार्टी की, अपने विधायकों की भी चिंता कर लें क्योंकि उनके विधायक हमारे संपर्क में हैं।

इससे पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इस आफर पर पलटवार करते हुए कहा कि वो अपने 100 विधायक बचाएं वो सब भाजपा में आने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मुझसे घृणा करते हैं। विधानसभा में अखिलेश का प्यार मेरे प्रति सबने देखा है। अखिलेश यादव खुद डूबने वाले हैं वो मुझे क्या मुख्यमंत्री बनाएंगे।

About Bhavana