चुनाव आयोग आज कर सकता है दिल्ली नगर निगम चुनाव की तारीख का ऐलान…

(Pi Bureau)

लंबे समय के इंतजार के बाद शुक्रवार शाम को दिल्ली नगर निगम के चुनाव 2022 की घोषणा हो सकती है। दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने इसके लिए पत्रकार वार्ता बुलाई है। शुक्रवार शाम को चार बजे कश्मीरी गेट स्थित राज्य चुनाव आयोग के दफ्तर में प्रेसवार्ता होगी। इसमें चुनाव की तारीख का ऐलान हो सकता है, जिसमें दिसंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में दिल्ली नगर निगम के चुनाव हो सकते हैं। 

8 दिसंबर से पहले हो सकते हैं चुनाव

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 आठ दिसंबर से पहले करवाए जा सकते हैं। इसके साथ ही दिल्ली में निगम चुनाव के लिए शुक्रवार से ही चुनाव आचार संहिता लगाई जा सकती है। 

6 नवंबर तक पूरा होगा मतदाता सूची तैयार करने का काम

मिली जानकारी के मुताबिक, मतदान केंद्रों की सूची पर 31 अक्टूबर तक आपत्ति दर्ज की गई है। इसके बाद निर्वाचन अधिकारियों को सभी वार्डों के मतदान केंद्रों की अंतिम सूची चार नवंबर को आयोग को सौंपने का निर्देश दिया गया था, जो पूरा हो रहा है। छह नवंबर को सभी नए वार्डों की मतदाता सूची तैयार करने का काम भी पूरा हो जाएगा। ऐसे में नगर निगम चुनाव की घोषणा शुक्रवार को की जा रही है।

बता दें कि एकीकृत होने के बाद दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों पर चुनाव होगा। इससे पहले दिल्ली नगर निगम तीन भागों में विभाजित था और कुल 272 वार्ड थे। ताजा परिसीमन में वार्ड की संख्या घटाकर 272 से 250 कर दी गई है।  

चुनाव आयोग ने पिछले महीने ही 250 वार्डों की लिस्ट जारी कर दी थी। इसके तहत दिल्ली नगर निगम की कुल 250 सीटों में से 42 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होंगी। वहीं 50 प्रतिसत सीटों पर महिला उम्मीदवारों की दावेदारी है।

About Bhavana