अरुण गोविल ने इन सवालों के दिए जवाब, राजनीति से कैसे हुआ आपका जुड़ाव

(Pi bureau)

मेरठ लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के चुनाव चिह्न पर अरुण गोविल चुनावी मैदान में है। सियासत के इस मैदान में अरुण गोविल का नाम जरूर नया है लेकिन उनके नाम और चेहरे से हर कोई परिचित है। पेश है ‘रामायण के राम’ से बातचीत के कुछ अंश…

जब मुझे यहां से चुनाव लड़ने काे कहा गया तब से आप सकते हैं कि मेरा राजनीति से जुड़ाव हुआ। वैसे श्रीराम जन्म भूमि मंदिर में राम लला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के समय जनसेवा करने की सोची थी, प्रभु की कृपा से अब यह अवसर मिला है, जिसके लिए विश्वास हासिल करना है।

रही बात राजनीति में करियर की तो राजनीति मेरा करियर नहीं है। मैं राजनीति को करियर मानने वाला नेता नहीं हूं। मेरी मूल भावना जनसेवा है। मोदी जी के नेतृत्व में राजनीति सही दिशा में है। वह सर्वसमावेशी हैं सबको साथ लेकर चल रहे हैं। किसी भी योजना में भेदभाव नहीं हैं। उनके नेतृत्व में विकसित भारत की नींव पड़ी है। विरासत को आगे बढ़ाने के साथ विकास हो रहा है।

जनता आखिर आपको सांसद क्यों चुने?

मुझे इसलिए चुने कि मेरी सोच बहुत ईमानदार है। मैं यहां काम करना चाहता हूं। सेवा करना चाहता हूं। जन्मभूमि को कर्मभूमि बनाना चाहता हूं। मैं जिस पार्टी में हूं उस पार्टी ने इस देश के लिए बहुत कुछ किया है।

क्षेत्र के विकास को लेकर आपका विजन क्या है? क्या कसक है?

यह हम सबका सौभाग्य है कि मोदी जी जैसा विजनरी नेतृत्व देश को मिला है। उनका विजन स्पष्ट है, उसी पर हम सबको काम करना है उसे आगे बढ़ाना है। यह जिम्मेदारी हम सब की रहेगी कि अपने क्षेत्र में भी उसी विजन के अनुसार विकास कराया जाए। वैसे मेरठ के विकास की तुलना 10 वर्ष पहले से करेंगे तो शायद मेरठ पहचान में नहीं आएगा। हर दिन बदलाव हो रहा है। एक कसक रह गई है जिसकी विशेष आवश्यकता है वह है हवाई अड्डा। यह मेरा मुख्य लक्ष्य होगा।

प्रदेश की किस तस्वीर पर आप गौरवान्वित होते हैं या होंगे? ठीक इसी तरह देश को लेकर आपका क्या नजरिया है?

प्रदेश और देश में इतने ऐसे काम हुए हैं जो कभी हुआ नहीं या फिर वर्षों पहले हो जाना चाहिए था। गौरवान्वित करने वाले बहुत सी तस्वीरें हैं। महिलाओं और गरीबों के लिए काम हुआ है। हाईवे और एक्सप्रेसवे का जाल देखिए। घंटों की दूरी मिनटों में सिमट गई है। नए एयरपोर्ट बने हैं। श्रीराम जन्म भूमि मंदिर निर्माण देख लीजिए। धारा-370 हटाई गई। महिलाओं के लिए नारी सशक्तीकरण कानून बना। प्रदेश में कानून व्यवस्था जैसी योगी जी ने बदली है, कोई सोच नहीं सकता था कि उप्र में ऐसा सुधार हो सकता है। अब बेटियां, व्यापारी सब सुरक्षित हैं।

आप अपने लोकसभा क्षेत्र में क्या बड़ी समस्याएं मानते हैं? कारण क्या है, समाधान क्या है?

यहां की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम है। कहीं भी किसी भी सड़क पर वाहन फंस जाते हैं। रिंग रोड, फ्लाईओवर आदि से इसका समाधान कराएंगे। सांसद बनने के बाद सीधे काम पर जुटना है और सीधे समाधान पर कार्य करना है।

अपने संसदीय क्षेत्र के लिए किए गए आप या आपके दल की ओर से किए गए तीन प्रमुख कार्यों के बारे में बताइए।

मेरे संसदीय क्षेत्र में मेरी पार्टी की सरकार ने इतने कार्य कराए हैं उसकी लंबी सूची बन गई है। रही बात तीन प्रमुख कार्यों की तो दिल्ली से जोड़ने के लिए एक्सप्रेसवे बना और देश के पहले रैपिड रेल कारिडाेर का निर्माण हो रहा है। मेरठ और हापुड़ कई हाईवे से जुड़ गए हैं। खेल विश्वविद्यालय बन रहा है। आइटी पार्क बनाया गया।

About Bhavana