अखिलेश यादव ने केशव प्रसाद मौर्य को बताया- दिल्ली के वाई-फाई का पासवर्ड

(Pi bureau)

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दिल्ली की वाई-फाई के पासवर्ड हैं। उन्होंने केशव को मोहरा बताते हुए कहा कि आप (मीडिया) बस दिल्ली के वाईफाई पासवर्ड का खेल देखिए। प्रदेश सपा मुख्यालय पर शुक्रवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने भाजपा के अंदरूनी मतभेदों को लेकर चल रहीं चर्चाओं पर निशाना साधा।

इसके अलावा अखिलेश यादव ने एक्स पर कहा कि लगता है डबल इंजन वालों के बीच में एक और इंजन आ गया है, जो दिल्ली लखनऊ के बीच शंटिंग करता है। ऐसा लग रहा है कि दो राजधानियों के बीच कोई इंटर सिटी आवागमन सेवा चल रही है।

अखिलेश से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक में केशव के न आने के संबंधित सवाल पूछा गया था। अखिलेश ने जवाब में कहा कि ऐसा इसलिए है कि कुछ लोग मोहरा बन गए है। उन्होंने कहा कि केशव आरक्षण को लेकर उत्तर प्रदेश शासन को इसलिए पत्र लिख रहे हैं क्योंकि वे दोनों पालों में रहने का प्रयास कर रहे हैं। ताकि, इधर भी बदनाम न हों और उधर भी काम चलता रहे।

उन्होंने कहा कि अपने मानसून ऑफर ”100 लाओ-सरकार बनाओ” को विंटर सीजन (शीतकाल) तक विस्तारित करेंगे। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन राज्यपाल सरकार पर चिट्ठी लिख जातिवादी होने का आरोप लगाते थे। आज भी देखा जाए कि राजनीतिक और नौकरशाही के शीर्ष नेतृत्व पर कौन लोग बैठे हैं। उन्होंने कहा कि सपा पर भाजपा मुस्लिम-यादव (माय) पार्टी होने का आरोप लगाती थी। लोकसभा चुनाव में उसके माय (मोदी-योगी) फेल हो गए। उन्होंने चुनाव में फर्रुखाबाद समेत कई जिलों के अधिकारियों पर भेदभाव खेल करने का आरोप लगाया।

About Bhavana