भाजपा MLA का विवादित बयान- बाल विवाह रोकने से बढ़ा ‘लव जिहाद’

(Pi Bureau)
भोपाल। भाजपा नेताओं द्वारा एक के बाद एक विवादित और बेतुके बयान देने का सिलसिला जारी है।अब मध्य प्रदेश के भाजपा विधायक गोपाल परमार ने लव जिहाद को लेकर विवादित बयान दिया है। विधायक के अनुसार लड़कियों की समय पर शादी न होना ही लव जिहाद के लिए जिम्मेदार है।

एक जनसभा में विधायक ने कहा कि पहले गांवों में बच्चों की शादी बचपन में ही हो जाती थी, तो उससे व्यक्ति की मानसिकता साफ हो जाती थी। आज अगर किसी की शादी सही समय पर नहीं होती वो भटक जाता है और फिर लव जिहाद जैसी घटनाएं होती हैं।

परमार ने कहा कि हमें घर में ध्यान ही नहीं है कि हमारी लड़की क्या कर रही है। हमें कह कर जा रही है कि पढ़ने के लिए कोचिंग क्लास जा रही हूं और वह किसी भी लड़के के साथ भाग गई तो हमारी इज्जत के साथ तो खिलवाड़ हो जाएगा। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी बनती है बेटी कहां जा रही है हमें पता हो। उन्होंने मां-बाप को हिदायत दी कि वे अपने बच्चों की समय पर शादी कर दें।

भाजपा विघायक यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि पहले हमारे बड़े-बुजुर्ग शादी तय कर लेते थे। सरकार ने जबसे 18 साल की बीमारी चालू की है तब से बहुत सारी लड़कियां भागने लगीं। यह लव जिहाद का बुखार चालू हो गया।

उन्होंने कहा कि जैसे ही बच्चा जवानी की तरफ बढ़ता है तो यह सभी मां को पता रहता है कि उसका मन भटकता है। मैं सभी मां-बहनों से आग्रह करता हूं कि यह जो बुखार आया है लव जिहाद का इससे सतर्कता बरतने का काम हम सबका है। बता दें कि गोपाल परमार अकसर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं।

About Politics Insight