दिल्ली : रोहिणी के विजय विहार में 2 पुलिसकर्मियों को बनाया बंधक

(Pi Bureau)
नई दिल्ली। रोहिणी जिले विजय विहार इलाके में दो पुलिसकर्मियों को बदमाश के परिवार ने बंधक बना लिया। पुलिसकर्मियों ने थाने में कॉल कर मदद मांगी। थाने से स्टाफ आने के बाद पुलिसकर्मी बदमाशों के परिवार से बचे। उक्त मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया।

आरोपियों की पहचान मुकेश व सोहन पाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रविन्द्र (28) दिल्ली पुलिस में बतौर कांस्टेबल कार्यरत है। फिलहाल उसकी तैनाती विजय विहार थाने में है।

पुलिस को दी शिकायत में रविन्द्र ने बताया कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद वह अपने साथी कांस्टेबल समय सिंह के साथ इलाके के घोषित बदमाश (बीसी) चन्द्रहास के घर पहुंचा। घर में चन्द्रहास के दो भाई मिले। दोनों भाइयों ने गाली-गलौच करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को कमरे में खींच लिया और अंदर से कुंडी लगा ली। उसके बाद उनकी वर्दी फाड़ दी।

मारपीट करने के दौरान चन्द्रहास की पत्नी आई और दोनों पुलिसकर्मियों को धमकी दी की अगर भागने की कोशिश की तो वह अपने कपड़े फाड़ लेगी और फंसा देगी। जैसे-तैसे पुलिसकर्मियों ने मामले की सूचना थाने में दी। थाने से स्टाफ आने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को आरोपियों के चुंगल से छुड़वाया और दोनों आरोपियों को दबाेच लिया।

पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात आरोपी चन्द्रहास टैक्सी को तेज रफ्तार में चलाते हुए आया और थाने के गेट में टक्कर मारकर अंदर घुसा। पुलिसकर्मियों के विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौच की और कांस्टेबल समय सिंह को धक्का देते हुए थाने के अंदर ले आया। शोर शराबा सुनकर अन्य पुलिसकर्मी इकट्ठा हुए और आरोपी को दबोचा। उक्त घटना में दो एफआईआर दर्ज हुई है।

About Politics Insight