ताजनगरी पहुंची पर्यटन मंत्री,पूर्व सी एम अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट का किया निरिक्षण !!!

(Pi Bureau)

 

आगरा : उत्तर प्रदेश की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने शुक्रवार को ताजनगरी में ताजगंज प्रोजेक्ट, ताज मुगल म्यूजियम और ताज ओरिएंटेंशन सेंटर का निरीक्षण किया। ये प्रोजेक्ट्स अखिलेश सरकार में शुरु हुए थे। पर्यटन मंत्री ने कहा कि अखिलेश सरकार में किए गए कार्यों की गुणवत्ता ठीक नहीं है। रीता बहुगुणा ने कहा योगी सरकार समयबद्ध और भ्रष्टाचार मुक्त कामों के लिए संकल्पबद्ध है।

 

 

निरीक्षण के बाद प्रदेश की पर्यटन मंत्री ने कहा कि मुगल म्यूजियम समय पर बन पाने की हालत में नहीं है क्योंकि अभी इसकी नींव तक नहीं रखी गई है। यहां तक कि म्यूजियम बनने के बाद उसमें क्या रखा जाएगा इस बात का भी कोई शोध नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार में पैसा लगा कर इमारत खड़ी हो गई लेकिन उसका कोई उपयोग नहीं हुआ।

 

 

 

पर्यटन मंत्री ने कहा कि ताजगंज प्रोजेक्ट में जगह जगह अतिक्रमण कर लिया गया है। फुटपाथ पर गाड़ियां खड़ी हैं और रेसतरां की मेज-कुर्सियां पड़ी हैं। पर्यटकों के लिए बनाए गए पब्लिक टॉयलेट गंदे मिले हैं, जिसके लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी। रीता जोशी ने आगरा की लपका संस्कृति को भी पर्यटन के लिए बुरा बताया।

 

 

पर्यटन मंत्री ने कहा कि उन्हें काम संभाले अभी सिर्फ 5 हफ्ते हुए हैं, जबकि उन पर 15 साल का कचरा साफ करने की जिम्मेदारी है।

 

उन्होंने अधिकारियों को भी चेतावनी दी कि मंत्रालय की निगाह उन पर है।

About Politics Insight