सिद्धांत विहीन राजनीति एक फांसी का फन्दा : योगी आदित्यनाथ- भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

(Pi Bureau)

 

पहले दिन से दिख रहे सरकार के काम : मुख्यमंत्री

 

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि “सिंद्धांत विहीन राजनीति एक फांसी का फंदा है” और हम सबने निर्णय लिया है कि हम इस प्रकार की राजनीति के चलन को समाप्त करेंगे।

 

आदरणीय प्रधानमंत्री ने हमारे सामने शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया है। हमें उसी का अनुसरण मात्र करना है।

 

योगी ने कहा कि कल सरकार की पूरी गतिविधियों को आपके सामने एक प्रजेन्टेशन के माध्यम से रखा जाएगा। आज आपके सामने संक्षिप्त रूप से मैं इसको थोड़ा रखता हूँ।

 

 

 

पहले ही दिन माताओं बहनो की सुरक्षा

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के पहले ही दिन माताओं बहनो की सुरक्षा के लिए ‘एंटी रोमियों स्क्वाड’ ने काम करना शुरू किया जिसको विपक्षियों के विरोध के बावज़ूद पूरे प्रदेश में माताओं बहनो का व्यापक समर्थन मिला।

 

उन्होंने कहा कि अवैध बूचड़खाने प्रदेश में लगभग बंद हो चुके हैं, जो बचे हैं उन्हें भी जल्दी बन्द होना पडेगा।

 

इसी क्रम में लोगों को इस फैसले से आने वाली दिक्कत के विरोधी दलों के आरोप पर उन्होंने कहा कि हमारा पूरा मंत्रिमंडल लगभग शाकाहारी है, परन्तु किसी तरह कम ताकतवर नहीं है शारीरिक दृष्टि से।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकार ने जल्दबाजी में जो काम किये उन्ही के साथ 7 वां वेतन आयोग भी लागू करने का फैसला लिया। इससे बड़ा आर्थिक दायित्व सरकार पर आपड़ा। हमें लोक कल्याण संकल्प पत्र में किये वायदे के अनुसार किसानों का ऋण भी माफ़ करना था। हमारे मंत्रिमंडल ने बैठकर पहली कैबिनेट मीटिंग में इसका फैसला किया।

 

गन्ना मूल्य का शत प्रतिशत भुगतान हो इसका सार्थक प्रयास निरंतर विभागीय मंत्री कर रहे हैं। प्रदेश में रिकार्ड गन्ना उत्पादन हुआ है। और अबतक 5500 करोड़ का भुगतान हो चुका है।

 

बिजली पर सीएम ने कहा हम आने वाले समय में जहां-जहां लाइन लॉस कम होगा वहां ग्रामीण क्षेत्र में भी 24 घंटे बिजली देने का काम करेंगे।

 

हमने लक्ष्य बनाया है कि हम 15 जून तक प्रदेश की सभी सड़को को गड्ढा मुक्त करने का काम करेंगे। पूरे प्रदेश में क़ानून का राज स्थापित किया जाएगा। पिछली सरकार ने जनता के हित की 60 कल्याणकारी योजनाओं को प्रदेश में लागू ही नही किया।

 

नमामि गंगे परियोजना में हम 4 हजार करोड़ की मंजूरी प्राप्त कर काम आगे बढ़ा चुके हैं। नवरात्रि के दौरान जनभावनाओं के तहत मंदिरों और मठों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की गयी, आगे भी यह जारी रहेगा।

 

स्वच्छता का प्रधानमंत्री का संकल्प हमें प्राथमिकता से पूरा करना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में होने वाली इंसेफ्लाइटिस की बीमारी साफ़ सफाई से ही पूरी तरह समाप्त हो सकेगी।

 

 

 

प्रभारी मंत्री के लिए 30 पॉइंट का कार्य मसौदा तैयार

 

भारतीय जनता पार्टी की बूथ इकाइयां स्वच्छता अभियान के साथ एलईडी लाइट को बढ़ावा देने जैसे कार्य को भी आगे बढ़ाएं। समाज का अंतिम पायदान का व्यक्ति आपके आगे चलेगा। जब आप उसके विस्वास को पुख्ता बनाएंगे। हम लोगों ने जनपदों के प्रभारी मंत्री नियुक्त कर उनके लिए 30 पॉइंट का कार्य करने का मसौदा तैयार किया है।

 

स्वास्थ्य के क्षेत्र में जहां सरकारी सुविधा के साथ काम हो सकता है होगा, जहां नहीं वहां हम निजी क्षेत्र के चिकित्सकों के साथ टाईअप करेंगे।

 

विभागीय प्रेजेन्टेशन का कार्य चला, किसी को पता नहीं होता है कि कितने बजे तक चलेगा। जिस मुख्यमंत्री कार्यालय में 12 बजे के बाद काम नहीं होता था वहां रात 12 बजे तक कार्य हो रहा है।

 

 

 

पूर्ण समाधान दिवस में बदलेगा तहसील दिवस

 

शिक्षा के क्षेत्र में हम व्यापक परिवर्तन करने जा रहे हैं। उद्योग और निवेश के क्षेत्र में एक नया विस्वास जगा है। प्रदेश का नौजवान यहीं रोजगार पायेगा। लालबत्ती और वीआईपी कल्चर समाप्त हो रहा है। महापुरुषों के नाम पर छुट्टी के बजाय अब उनके जीवन दर्शन पर कार्यक्रम होंगे।

 

पिछली सरकार ने 2016 में ही 2018 तक के शराब के ठेके दे दिए। हम नई आबकारी नीति के साथ आरहे हैं, नई खनन नीति के साथ आरहे हैं। ठेकेदारी में माफिया को नहीं चलने देंगे। 1 लाख का ठेका भी ई-टेंडरिंग से होगा। तहसील दिवस को हम पूर्ण समाधान दिवस बनाने जा रहे हैं। हम इसे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से जोड़ेंगे। एक माह में यह लागू होगा।

 

 

 

शादी में अनुदान बन्द कर सामूहिक विवाह आयोजित करेंगे

 

गरीब कन्याओं की शादी में 4 तरीके के अनुदान को बन्द कर हम सामूहिक विवाह आयोजित करेंगे।

 

और अंत में हम अंत्योदय के सपने पर पंडित दींन दयाल उपाध्याय गरीब कल्याण कार्ड बनाएंगे, इसकी तैयारी हो चुकी है।

 

उन्होंने कहा कि संगठन के समन्वय से पार्टी  चुनाव में जीती तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह के आशीर्वाद से सरकार बनी। यह सरकार वास्तव में सफलता प्राप्त करेगी।

 

मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सलिल विशनोई ने किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

About Politics Insight