किसान क्रांति यात्रा के दौरान आज भी दिल्ली-मेरठ हाइवे पर रहेगा रूट डायवर्जन

हरिद्वार से दिल्ली तक जाने वाली किसान क्रांति पदयात्रा के चलते लेकर सोमवार को भी दिल्ली-मेरठ हाइवे पर रूट डायवर्जन रहेगा। वहीं, रविवार को रूट डायवर्जन की वजह से राजनगर एक्सटेंशन चौराहा, मुरादनगर और मोदीनगर में घंटों जाम की स्थिति रही और मुसाफिर परेशान रहे। 

हापुड़ चुंगी से होकर वाहनों को एनएच-9 से हापुड़ के रास्ते मेरठ की ओर भेजा गया। एसपी ट्रैफिक एसएन सिंह ने बताया कि हजारों किसान पैदल और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर रविवार को मुरादनगर पहुंच गए। यह यात्रा सोमवार को कमला नेहरू नगर स्थित ग्राउंड में पहुंचेगी।

 इसके चलते सोमवार को भी दिल्ली-मेरठ हाइवे पर यातायात परिवर्तित रहेगा। मेरठ से गाजियाबाद आने वाले छोटे वाहनों को सुबह साढ़े छह बजे से मोदीनगर से डायवर्ट कर पिलखुवा होकर गाजियाबाद भेजा जाएगा। 

जबकि गंगनहर से आने वाले वाहनों को मोदीनगर की तरफ ही भेजकर उसी रास्ते से निकाला जाएगा। बड़े वाहनों को सुबह नौ बजे ही भोपुरा से अंदर नहीं आने दिया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से दिल्ली-मेरठ हाइवे की बजाय वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

इससे पहले रविवार को भी किसान क्रांति यात्रा के चलते प्रशासन ने रूट डायवर्जन किया था। इसके बावजूद हाइवे पर भीषण जाम लगा रहा। सुबह से दोपहर तक यात्री जाम से जूझते रहे। संपर्क मार्गों पर भी जाम लगा रहा।  

भारी वाहनों का प्रवेश था बंद 
पुलिस प्रशासन ने शनिवार रात ही हाइवे पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी। रविवार सुबह राजनगर एक्सटेंशन, मोहिउद्दीनपुर से छोटे बड़े वाहनों का रूट डायवर्ट था। 

इसके बावजूद हाइवे पर रविवार सुबह से जाम लगना शुरू हो गया। गंगनहर से डागर विहार कॉलोनी तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम में फंसे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 

भटकते रहे लोग
दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले वाहनों को पुलिस ने गंगनहर, पाइप लाइन मार्ग, हापुड़ मार्ग की ओर डायवर्ट किया। रास्तों की जानकारी न होने के कारण लोग ग्रामीण क्षेत्र में भटकते रहे।   

हाइवे पर दोनों ओर किसानों का कब्जा 

पुलिस प्रशासन ने किसान क्रांति यात्रा के लिए हाइवे की एक लाइन रिजर्व की थी। मगर, किसान दोनों ओर वाहन लेकर चल रहे थे।

किसान क्रांति यात्रा का कई जगह स्वागत 
बिजलीघर के पास रालोद कार्यकर्ताओं ने किसान क्रांति यात्रा का फूलमालाओं से स्वागत किया। इनमें चेयरमैन अमरजीत सिंह बिड्डी, जिलाध्यक्ष कपिल चौधरी, तेजपाल सिंह, ओडी त्यागी, ऋषिपाल, एसपी सिंह, अशोक चौधरी, यजुवेंद्र प्रताप सिंह, मनोज आदि मौजूद रहे। जलालपुर रोड निवासी सपा नेता विकास यादव ने किसान यात्रा में शामिल किसानों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की। कांग्रेस नेता देवदत्त त्यागी, अभय त्यागी, देवेंद्र केवड़ी, विश्वदीप त्यागी, चांद सिंह, अमित त्यागी, टेमपाल, मुकेश स्वामी, सुल्तानपुर गांव के प्रधान अजय चौधरी, विपिन कुमार, राहुल चौधरी, रंजीत, राजीव चौहान, रविंद्र, मोंटी ने भी भोजन की व्यवस्था की। 

राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को किया चरखा भेंट 

श्री हंस इंटर कॉलेज में महिला उन्नति प्रशिक्षण संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष दुर्गेश शर्मा ने भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को चरखा भेंट किया। उन्होंने संदेश दिया कि यात्रा को गांधी जी की तरह शांतिपूर्ण तरीके से निकालें और सद्भावना का संदेश दें। प्रीति शर्मा, प्रमोद शर्मा, अश्वनी, शैली त्यागी आदि मौजूद रहे।  

सोनिया विहार रेगुलेटर पर लगाई फोर्स 
यात्रा के दौरान पुलिस-प्रशासन ने गंगनहर सोनिया विहार रेगुलेटर पर फोर्स तैनात करा दी। सीओ सदर का कहना है कि सुरक्षा की दृष्टि से फोर्स लगाई गई है।  

किसान की जेब से उड़ाए दो हजार रुपये 
यात्रा में किसान रहीसुद्दीन की जेबकतरे ने जेब काट ली। किसानों ने जेबकतरे को पकड़ लिया और पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। रहीसुद्दीन का कहना था कि पुलिस ने कुछ समय बाद ही जेबकतरे को छोड़ दिया।

About Politics Insight