केंद्र ने योगी सरकार को जारी किया 1263 करोड रूपये, बिल्डरों को दी चेतावनी !!!

(Pi Bureau)

 

लखनऊ, 5 मई: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद प्रचंड बहुमत के बाद बनी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के लिए केंद्र सरकार ने विभिन्न योजनाओं के लिए 1263 करोड रूपये जारी कर दिये हैं। इस घोषणा शुक्रवार को केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने की।

इस मौके पर उन्होंने बिल्डरों को चेतावनी देते हुये कहा कि बिल्डरों ने उपभोक्ताओं से जो वायदा किया है उसे निभाना पड़ेगा, वरना नए कानून के हिसाब से उन लोगों पर जुर्माना लगेगा और जेल भी जाना पड़ेगा।

केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ यहां लोकभवन में पत्रकारों से बात कर रहे थे।

इस मौके पर केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने यूपी को लखनऊ मेट्रो, अमृत योजना व पेयजल योजनाओं के लिए कुल 1263 करोड़ रुपया जारी करने का ऐलान भी किया।

नायडू ने कहा, ‘‘केन्द्र सरकार यूपी के विकास के लिए तेजी से प्रयास कर रही है। हमने प्रयास किया कि केन्द्र से प्रदेशों में आकर अधिकारी आपस में मिलकर काम कर रहे हैं। आज यूपी में पहली बार सरकार ने मिल कर काम करने में उत्साह दिखाया है। यूपी को 1263 करोड़ रुपये का रिलीज लेकर आया हूं।‘‘

 

उन्होंने कहा कि इसमें 442 करोड़ स्मार्ट सिटी के लिए, 375 करोड़ अमृत योजना व 446 करोड़ रुपया लखनऊ मेट्रो के लिए दिया है। आल इंडिया रेडियो और नये एफएम रेडियो के विस्तार का काम भी कर रहे हैं। दूरदर्शन तैयार हो गया तो विधानसभा का सजीव प्रसारण भी होगा।

उन्होंने कहा कि रियल एस्टेट पर केंद्र सरकार ने नए नियम बनाए हैं, उसे मुख्यमंत्री भी जल्द लागू करेंगे।

 

 

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2022 तक सभी लोगों के लिए मकान देना आसान काम नहीं है, पर केंद्र सरकार इसमें लगी हुई है। उप्र प्रधानमंत्री आवास योजना के मामले में देश में सबसे पीछे है। 29.22 लाख मकानों का प्रपोजल यूपी में बना है। मुख्यमंत्री 17-18 लाख आवास की संस्तुति करके भेजें।

 

 

 

उन्होंने कहा कि अमृत मिशन के तहत यूपी के 61 शहरों को जोड़ दिया गया है। जिसमें अयोध्या को भी शामिल किया गया है। 3 हजार करोड़ रुपये का प्रपोजल राज्य सरकार भेजेगी। 13 लाख टैप कनेक्शन पानी के लिए राज्य सरकार प्रस्ताव देगी। ईएसएल के तहत स्ट्रीट लाइट को भी लगाया जाएगा।

 

 

 

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने 1263 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने पर वेंकैया नायडू आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वे की रेटिंग पूर्व सरकार के वक्त की है। सन 2018 तक संम्पूर्ण उत्तर प्रदेश को 100 प्रतिशत स्वच्छता में सफल बनाएंगे। 6 मई को लखनऊ में व 7 मई को आगरा में स्वच्छता अभियान शुरू किया जायेगा। आगरा में हम इसकी शुरुआत करेंगे।

 

 

 

योगी आदित्य नाथ ने कहा कि लखनऊ मेट्रो शुरू करने में अभी डेढ़ महीना लग जायेगा। उन्होंने यह भी बताया कि 32 हजार करोड़ रुपये से दिल्ली व मेरठ के बीच हाई स्पीड ट्रेन चलाने की स्वीकृति मिल चुकी है।

About Politics Insight