भीषण गर्मी से झुलस उठा समूचा प्रदेश, लखनऊ में पारा 44.7 पहुंचा !!!

(Pi  Bureau)

 

लखनऊ : राजधानी सहित तकरीबन पूरा प्रदेश भीषण गर्मी से झुलस रहा है। राजधानी लखनऊ में पारा 44.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल दो दिनों तक हालात ऐसे ही बने रहने के आसार हैं। सोमवार को तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चलेंगी। पश्चिमी विक्षोभ के कारण दो दिनों बाद राजधानी व कुछ जनपदों में बूंदाबांदी से गर्मी में कुछ कमी के संकेत हैं। प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी बांदा में पड़ी जहां तापमान 46.8 रहा जबकि इलाहबाद दूसरे स्थान पर रहा जहां पारा 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झांसी में न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम पारा चढ़ने से गर्मी ने रात में भी लोगों की नींद उड़ा रखी है। प्रदेश में गर्मी पूरे शबाब पर है। राजधानी में पिछले कई दिनों से 40 के ऊपर चल रहा पारा रविवार को 44.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक था। गर्मी ने सुबह से ही तेवर दिखाना शुरू कर दिया था। दोपहर को गर्म हवा के थपेड़ों के चलते जरूरी काम पर ही लोग घरों से बाहर निकले। यहां न्यूनतम पारा 27 डिग्री सेल्सियस था जो कि सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को अधिकतम पारा 45 व न्यूनतम पारा 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान जताया है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के जनपदों में पारा 44 व 45 के बीच रहने से गर्मी का कहर बरपा। बनारस में 44.2, सुल्तानपुर में 43.6, फुर्सतगंज में 44.2, मेरठ में 43.2, चुर्क में 44.2, कानपुर में 44.4, इटावा में 44.1, उरई में 44, हमीरपुर में 44.2, आगरा में 44.8 व अलीगढ़ में 44 डिग्री सेल्सियस पारा रहा। गोरखपुर व कुछ जनपदों को छोड़कर सभी जनपदों में पारा 40 के पार रहा। इस बीच न्यूनतम पारा बढ़ने से लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। इलाहाबाद में न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

About Politics Insight