सोनिया की ‘‘लंच’ मीटिंग के बहाने संयुक्त विपक्ष का राष्ट्रपति उमीदवार की पर सहमती बनेगी, जाएंगे अखिलेश !!!

(Pi Bureau)

 

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा बुलायी गयी ‘‘लंच’ मीटिंग में शामिल होंगे। बैठक में प्रमुख रूप से राजद प्रमुख लालू यादव, राक्रांपा नेता शरद पवार समेत अन्य विपक्षी दलों के नेता भी शामिल होंगे। सोनिया गांधी की यह मीटिंग राष्ट्रपति चुनाव के मद्देनजर विपक्षी एकता बनाने की कवायद मानी जा रही है।राष्ट्रपति का चुनाव 25 जुलाई के पहले होना है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) राष्ट्रपति पद के लिए अपना प्रत्याशी उतारेगा। एनडीए में शामिल भाजपा व सहयोगी दल इस दिशा में पहले से ही जुटे हैं। एनडीए को राष्ट्रपति का निर्वाचन अपने पक्ष में करने को कुछ वोटों की कमी महसूस हो रही है मगर उसे भरोसा है कि ‘‘गेंद’ उसके पाले में ही आयेगी।इस बीच विपक्षी पार्टियां राष्ट्रपति चुनाव के जरिए ही अपनी एकता बनाने में जुटी है। इसकी कवायद करीब एक महीने पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राक्रांपा) नेता शरद पवार नेकी थी। उन्होंने दिल्ली में अपने आवास पर डिनर डिप्लोमेसी के मद्देनजर एक बैठक की थी। इसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, सीताराम येचुरी समेत अन्य प्रमुख विपक्षी नेता शामिल हुए थे। सूत्रों के अनुसार अब विपक्षी एकता की सूत्रधार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बनना चाहती हैं। बीते दिनों कई विपक्षी नेताओं के खिलाफ केन्द्रीय संस्थाओं द्वारा की गई कार्रवाई के बाद विरोधी दलों के नेताओं में खलबली है। ऐसे में सभी केन्द्र सरकार के खिलाफ लामबंद होना चाहते हैं। ऐसे में इन्हें राष्ट्रपति चुनाव बेहतर मौका दिख रहा है। इसके मद्देनजर ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली में अपने आवास पर सभी प्रमुख विपक्षी दलों के नेताओं को दोपहर आमंत्रित किया है। कहने को श्रीमती गांधी की तरफ से सभी को ‘‘लंच’ पर बुलाया गया है मगर इसके जरिए राष्ट्रपति चुनाव के साथ ही केन्द्र सरकार के खिलाफ अन्य मुद्दों पर एकजुटता बनाने की कोशिश होगी। श्रीमती गांधी की बैठक में शामिल होने के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बृहस्पतिवार को दिल्ली रवाना हो गये। शुक्रवार को वे दिल्ली में अपनी पार्टी के कुछ बड़े नेताओं के साथ सपा की संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर र्चचा करेंगे। उसके बाद वे श्रीमती गांधी के यहां आयोजित लंच मीटिंग में शिरकत करेंगे। जानकारों का कहना है कि श्री यादव के साथ श्रीमती गांधी के यहां लंच में पार्टी के कद्दावर नेता प्रो. राम गोपाल यादव भी जायेंगे।

About Politics Insight