मुलायम के नेतृत्व में बनेगा समाजवादी सेक्युलर मोर्चा, अखिलेश अध्यक्ष पद नेता जी को सौंपे !!!

(Pi Bureau)

 

लखनऊ : शिवपाल सिंह यादव आगामी 6 जुलाई को लखनऊ में सम्मेलन कर समाजवादी सेक्युलर मोर्चा गठित करने का ऐलान करेंगे। मुलायम सिंह यादव इस मोर्चे के अध्यक्ष होंगे और शिवपाल इसके संयोजक। इसकी घोषणा यहां स्वयं शिवपाल ने पत्रकारों से बातचीत में की। शिवपाल के इस ऐलान को भतीजे अखिलेश के खिलाफ चाचा के नये राजनीतिक विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने बुधवार को यहां अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में एक बार फिर अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जिनके (अखिलेश) कारण असफलता मिली है उन्हें दूसरा कार्य करना चाहिए’। श्री यादव ने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी में नैतिकताएं खत्म हो रही हैं। नैतिकताएं खत्म नहीं होनी चाहिए। चुनाव में असफलता मिलती है तो पदाधिकारी बदलते हैं। हमने भी ऐसी स्थिति में पूर्व में पदों को छोड़ा है। नई पीढ़ी (अखिलेश) नैतिकता सीखे। वक्त देखकर उन्हें (अखिलेश) सुधर जाना चाहिए’। शिवपाल सिंह ने यह बात कहकर एक बार फिर से अखिलेश यादव पर पद छोड़ने का नैतिक दवाब बनाया है। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मिली करारी हार के बाद शिवपाल सिंह यादव लगातार अखिलेश यादव पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ने और मुलायम सिंह यादव को फिर अध्यक्ष बनाने का दवाब बना रहे हैं। शिवपाल ने कहा यूपी में तो नेताजी (मुलायम) को छोड़ समाजवादी की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी में लोगों (अखिलेश और प्रो. रामगोपाल यादव) को अपने वादों पर कायम रहना चाहिए। उन्होंने कहा ‘‘पहले परिवार एक हो। फिर नेताजी के नेतृत्व में समाजवादी परिवार एक हो’। उन्होंने कहा परिवार की एकता के लिए मैंने पहले ही सभी पदों को त्याग दिया। अब भी मैं ‘‘एकता’ के लिए पंक्ति में सबसे पीछे खड़ा होने को तैयार हूं।श्री यादव ने संकेतों में लखनऊ यानि अखिलेश और दिल्ली यानि प्रो. रामगोपाल यादव को अपने रुख में परिवर्तन कर मुलायम सिंह यादव को सपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने को 5 जुलाई 2017 तक की मोहलत दी है। उन्होंने कहा, उनके पास 5 जुलाई तक का समय है, फिर 6 जुलाई को लखनऊ में सम्मेलन कर समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बन जाएगा। शिवपाल ने स्वीकार किया कि नया मोर्चा बनाने की मुलायम ने सहमति दे दी है। उन्होंने कहा जहां नेताजी खड़े हो जायेंगे वहीं समाजवाद है।

About Politics Insight