भाजपा जिलाध्यक्ष ने सांसद कौशल किशोर को दी नोटिस , पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप !!!

(Pi Bureau)

 

लखनऊ :  समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियों को बिना अनुमति के भाजपा में शामिल कराना सांसद कौशल किशोर को महंगा पड़ा है। पार्टी में ज्वानिंग पर लगी रोक के बाद भी सांसद ने सपा-बसपा के लोगों को भाजपा में शामिल कराया था। भाजपा के जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने  मोहनलालगंज के पार्टी सांसद कौशल किशोर को नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा है। सूत्रों के अनुसार भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने ऐसे ही प्रकरणों में कई अन्य सांसदों के खिलाफ भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उनको भी जल्द नोटिस जारी होगी। विधानसभा चुनाव में मिली प्रचण्ड जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी ने ज्वानिंग पर रोक लगाने का निर्णय लिया था। इस बावत प्रदेश पदाधिकारियों के साथ ही जिला व शहर अध्यक्षों को मौखिक निर्देश भी जारी कर दिये गए थे। करीब चार महीने से किसी की भी भाजपा में आधिकारिक तौर पर ज्वानिंग नहीं हो रही थी। इस बीच कई सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में रोक के बाद भी ज्वाइन कराया। इसकी शिकायतें भाजपा के प्रदेश नेतृत्व को मिल रही थीं। रविवार को प्रदेश मुख्यालय पर संगठन पदाधिकारियों की बैठक में इसको गम्भीरता से लिया गया और ऐसे सांसदों को नोटिस जारी करने का निर्देश जारी हुआ। राजधानी लखनऊ में भाजपा के जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने सांसद कौशल किशोर को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है। उन पर सपा नेता दिलावर खान और उनकी पत्नी, सपा नेता अनिल सिंह चौहान व उनकी पत्नी निशा चौहान, सपा के जिलामहासचिव धम्रेन्द्र यादव व उनके कई परिजनों के साथ ही सपा नेता कुंवर राम विलास रावत को पार्टी में शामिल कराकर अपने स्तर से माल व मलिहाबाद ब्लाक प्रमुख के पद पर उम्मीदवार भी घोषित कर दिया। जिलाध्यक्ष ने मलिहाबाद के मण्डल अध्यक्ष अरविन्द शर्मा, सरोजनीनगर के मण्डल अध्यक्ष मुकेश व बीकेटी के मण्डल अध्यक्ष गजोधर लोधी को भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने पर नोटिस दी है। राम निवास यादव ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व की अनुमति के बाद नोटिस जारी हुई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भी पूरे प्रकरण की जानकारी दी गयी है। उधर भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक का कहना है कि पार्टी में किसी के भी ज्वानिंग पर रोक है। इसका सभी को पालन करना चाहिए। उन्होंने किसी को भी नोटिस जारी करने की जानकारी से इंकार किया।

About Politics Insight