लोहिया अस्पताल : एमआरआई मशीन ठीक कराने में लगेंगे 51 लाख गनर निलंबित !!!

(Pi Bureau)

 

लखनऊ : डा. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, गोमती नगर में एमआरआई मशीन में कैबिनेट मंत्री के गनर की पिस्टल फंसने की घटना का संज्ञान शनिवार को चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन ने लिया। उन्होंने संस्थान के निदेशक डा. दीपक मालवीय को तलब करके पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। संस्थान के निदेशक डा. मालवीय ने मंत्री को एमआरआई की मरम्मत में आने वाले खर्च की जानकारी दी, पर अभी यह तय नहीं हो पाया है कि मशीन की मरम्मत पर आने वाले 51 लाख रुपये का बिल कौन भरेगा। फिलहाल संस्थान ने एमआरआई मशीन में गनर की पिस्टल फंसने की सूचना पुलिस को दे दी है। मशीन को ठीक होने में लगभग 12 दिन लग जाएंगे। उधर, मंत्री की सुरक्षा में तैनात 32वीं वाहिनी पीएसी के मुख्य आरक्षी (गनर) मुकेशचन्द्र शर्मा को लापरवाही मामले में निलंबित कर दिया गया है।शुक्रवार की दोपहर में कैबिनेट मंत्री सत्यदेव पचौरी की एमआरआई की जांच के दौरान गनर की पिस्टल हाई लेबल मैग्नेटिक रेंज में आने के कारण फंस गयी थी। इसके बाद संस्थान प्रशासन में हड़कम्प मच गया। संस्थान ने एमआरआई मशीन को ठीक कराने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी इंजीनियरों ने मशीन को ठीक करने में लगभग 51 लाख रुपये का खर्च बता दिया। इतनी अधिक धनराशि मरम्मत पर खर्च करने से पहले आज संस्थान के निदेशक डा. दीपक मालवीय चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन को जानकारी देने पहुंचे। निदेशक डा. दीपक मालवीय ने बताया कि मंत्री को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देने के बाद मशीन की मरम्मत पर आने वाले खर्च की जानकारी भी दे दी गयी है। इस पर लगभग 51 लाख रुपये का खर्च आ रहा है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को भी दे दी गयी है। बताया जाता है कि मशीन ठीक करने के लिए उसमें भरी ढाई हजार लीटर हीलियम गैस को डिस्चार्ज किया जाएगा। उसके बाद गैस भरा जाएगा, यह गैस बहुत महंगी आती है। इसको भरने व मशीन को संचालित करने में ही लगभग 51 लाख रुपये का खर्च आएगा।

About Politics Insight