लचर बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाया सपा ने , कहा बर्खास्त करो शर्मा को !!!

(Pi Bureau)

 

लखनऊ : समाजवादी पार्टी ने सूबे में बिजली व्यवस्था लचर होने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसकी जिम्मेदारी ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा पर तय करते हुए उन्हें मंत्रिमण्डल से बर्खास्त करने की मांग की है। सपा के मुख्य प्रवक्ता व पूर्व मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने सोमवार को यहां जारी अपने बयान में प्रदेश में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था लचर होने और इससे आमजन के बेहाल होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ‘‘सबका साथ-सबका विकास’ का नारा देने वाली योगी सरकार ने यूपी में विकास को विनाश बना दिया है। बिजली आपूत्तर्ि की कमी से उद्योग संकट में हैं। जनजीवन बुरी तरह त्रस्त है। भाजपा सरकार के दावे सिर्फ हवा-हवाई साबित हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि सूबे में बिजली संकट के लिए सरकार की दोषपूर्ण नीतियां जिम्मेदार हैं। सरकार इसका संज्ञान लेने के बजाय राग-द्वेष के साथ जनता को उत्पीड़ित करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ऊर्जा के क्षेत्र में पर्याप्त सुधार कराये थे। इसके फलस्वरूप गांवों को 18 और शहरी क्षेत्रों कों 22 घण्टे बिजली दी जा रही थी, साथ ही महानगरों में 24 घण्टे बिजली की आपूत्तर्ि हो रही थी। श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने सपा सरकार में शुरू हुए ऊर्जा के क्षेत्र में सुधार के कायरे को उपेक्षित कर दिया है। इसके लिए ऊर्जा मंत्री सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। मुख्यमंत्री श्री योगी को तत्काल लचर विद्युत व्यवस्था के लिए दोषी ऊर्जा मंत्री पर कार्रवाई करनी चाहिए।

About Politics Insight