आम आदमी पार्टी ने बोला BJP पर हमला, केजरीवाल को चाहे गिरफ्तार कर लो…

(Pi bureau)

आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने कई राज्यों में गठबंधन का फैसला लिया है। गठबंधन की बात जब से तय हुई है, उसके बाद से ही आम आदमी पार्टी यह दावा कर रही है कि अरविंद केजरीवाल को गठबंधन तोड़ने की धमकी दी जा रही है।

बृहस्पतिवार को भी आम आदमी पार्टी ने दावा किया था कि अगर आप और कांग्रेस का गठबंधन नहीं टूटा तो अरविंद केजरीवाल को तीन-चार दिन में गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पार्टी का दावा है कि भाजपा केजरीवाल की गिरफ्तारी की धमकी दे रही है।

यही बात आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को भी दोहराई। आज आतिशी, सौरभ भारद्वाज और संदीप पाठक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक बार फिर भाजपा पर कई आरोप मढ़े

इस दौरान सौरभ भारद्वाज ने कहा, जब से आप और कांग्रेस गठबंधन की खबर आ रही है, तभी से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने की तैयारी तेज हो गई है। हमें सूचना है कि आने वाले दो से तीन दिन में सीबीआई मुख्यमंत्री केजरीवाल को गिरफ्तार कर लेगी। सीबीआई आज केजरीवाल के नाम नोटिस भेज सकती है।

सौरभ आगे बोले, भाजपा के लोग यह बात कह रहे हैं कि अगर मुख्यमंत्री केजरीवाल को बाहर देखना चाहती है तो कांग्रेस से गठबंधन नहीं करे, अन्यथा केजरीवाल को जेल में डाल दिया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे आप नेता डॉ. संदीप पाठक ने कहा, भाजपा को शुरू से ही यह भरोसा था कि भाजपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं होगा, इससे ये खुश थे। मगर जब इन्हें पता चला कि आप और कांग्रेस का गठबंधन होने जा रहा है तो इनकी बेचैनी बढ़ गई है।

अगर ये केजरीवाल को गिरफ्तार करेंगे तो सारे लोग सड़कों पर आ जाएंगे, ये इन्हें उल्टा पड़ जाएगा, ये समझ नहीं पा रहे हैं। हम इन्हें बता रहे हैं कि हम डरने वाले नहीं हैं। हम देश को बचाने के लिए गठबंधन में जा रहे हैं, हम पीछे नहीं हटेंगे।

आतिशी ने आरोप लगाया, हम देख रहे हैं कि पिछले दो माह में ईडी के माध्यम से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पास पुलिस सात बार आ चुकी है। मगर केजरीवाल को गिरफ्तार नहीं कर पाए, तो अब ये सीबीआई के माध्यम से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने जा रहे हैं। इस बात की हमें पूरी सूचना है। हम पीछे नहीं हटेंगे।

About Bhavana