अक्षय कुमार ने दी 2020 की पहली गुड न्यूज़, पहले हफ़्ते में कर ली धमाकेदार कमाई !!!

(Pi Bureau)

अक्षय कुमार की फ़िल्म गुड न्यूज़ ने बॉक्स ऑफ़िस पर एक हफ़्ते का सफ़र पूरा कर लिया और इस दौरान शानदार कमाई की है। पहले हफ़्ते में फ़िल्म का नेट कलेक्शन 127 करोड़ के पार पहुंच गया है। साल के आख़िरी शुक्रवार को रिलीज़ हुई फ़िल्म को दर्शकों ने ख़ूब प्यार दिया है।

गुड न्यूज़ ने गुरुवार को रिलीज़ के सातवें दिन 10.80 करोड़ का कलेक्शन किया है। इसके साथ फ़िल्म का नेट कलेक्शन 127.90 करोड़ हो गया है। गुड न्यूज़ 27 दिसम्बर को रिलीज़ हुई थी और फ़िल्म ने इस दौरान लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है। फ़िल्म ने शुक्रवार को 17.56 करोड़ की ओपनिंग ली थी। शनिवार को 21.78 करोड़ और रविवार को 25.65 करोड़ का कलेक्शन किया था।

साल के आख़िरी दिनों में गुड न्यूज़ का शानदार सफ़र जारी रहा। पहले सोमवार को फ़िल्म ने 13.41 करोड़ और मंगलवार को 16.20 करोड़ बटोर लिये। बुधवार को नये साल की शुरुआत पर गुड न्यूज़ के कलेक्शंस में ज़ोरदार उछाल आया और फ़िल्म ने 22.50 करोड़ जमा कर लिये। इसके साथ फ़िल्म ने छठे दिन 100 करोड़ क्लब में एंट्री ले ली।

आज (3 जनवरी) को भंगड़ा पा ले और सब कुशल मंगल रिलीज़ हुई हैं, मगर गुड न्यूज़ को इनसे कोई ख़ास ख़तरा नहीं है। दूसरे वीकेंड में फ़िल्म के कलेक्शंस में तेज़ी आने की सम्भावना है। माना जा रहा है कि दूसरे वीकेंड के बाद फ़िल्म 170 करोड़ के आस-पास जमा कर लेगी।

गुड न्यूज़, 2019 में अक्षय कुमार की चौथी रिलीज़ थी। इससे पहले केसरी, मिशन मंगल और हाउसफुरल 4 ने बॉक्स ऑफ़िस पर कमाल का प्रदर्शन करते हुए हिट का दर्ज़ा पाया था। राज मेहता निर्देशित गुड न्यूज़ एक सोशल कॉमेडी है, जिसमें स्पर्म एक्सचेंज की कहानी दिखायी गयी है। फ़िल्म में अक्षय के साथ करीना कपूर ख़ान, दिलजीत दोसांझ और कियारा आडवाणी ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं।

About Politics Insight